spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

टैरिफ, पश्चिम एशिया में तनाव से निर्यात की रफ्तार पर ब्रेक

– एक्सपोर्ट 20 हजार करोड़ के पार पहुंचा

नागपुर :- जिले का निर्यात 20 हजार करोड़ रुपए के आंकड़े को पार करने के बावजूद उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में जिले का कुल निर्यात 20311 करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में यह 22627 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर था। यानी एक साल में 2316 करोड़ रुपए की कमी के साथ 10.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। उद्योग जगत को उम्मीद थी कि जिले का निर्यात 25 हजार करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर जाएगा। हालांकि चावल, कृषि, टेक्सटाइल और कपास जैसे पारंपरिक निर्यात क्षेत्रों में आई बड़ी गिरावट, अमेरिकी टैरिफ नीति, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक मांग में सुस्ती ने निर्यात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।

वाणिज्य विभाग की रिपोर्ट वाणिज्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में जिले से चावल का निर्यात 2084 करोड़ रुपए रहा, जबकि एक साल पहले यह 3174 करोड़ रुपए था। यानी 34.34 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कृषि क्षेत्र का कुल निर्यात 4274 करोड़ रुपए से घटकर 3038 करोड़ रुपए रह गया, जिसमे 28.9 फीसदी की कमी आई है। टेक्सटाइल निर्यात 1289 करोड़ रुपए से घटकर 1119 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जिससे 13.23 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। कपास निर्यात भी 693 करोड़ रुपए से घटकर 615 करोड़ रुपए रह गया। इसके अलावा तंबाकू निर्यात में 7 फीसदी तथा उपभोक्ता उत्पादों के निर्यात में 9 फीसदी की कमी दर्ज की गई।

कुछ उद्योगों ने दी मजबूती : पारंपरिक क्षेत्रों में गिरावट के बावजूद कुछ उद्योगों ने निर्यात को मजबूती प्रदान की। वित्त वर्ष 2025-26 में फार्मा निर्यात 2957 करोड़ रुपए से बढ़कर 6299 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। यानी एक ही वर्ष में 113 फीसदी की रिकॉर्ड वृद्धि हुई। इसी तरह केमिकल एवं फर्टिलाइजर क्षेत्र का निर्यात 60 फीसदी बढ़कर 3112 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। ऑटोमोबाइल एवं ट्रांसपोर्ट उपकरण तथा प्लास्टिक उद्योगों के निर्यात में भी करीब 30 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

यह थी उम्मीद : कुछ वर्षों से जिले के निर्यात में औसतन 23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की जा रही थी। वित्त वर्ष 2024-25 में निर्यात 22627 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था। ऐसे में उद्योग जगत को उम्मीद थी कि अगले ही वर्ष नागपुर का निर्यात कारोबार 25 हजार करोड़ रुपए के जादुई आंकड़े को पार कर जाएगा, लेकिन यह कारोबार 20311 करोड़ रुपए पर सिमट गया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.