– ताजबाग दरगाह में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
नागपुर :- बाबा ताजुद्दीन के जन्मोत्सव के अवसर पर ताजबाग श्रद्धा और उल्लास के रंग में रंग गया। बाबा के चाहने वालों का जनसैलाब ताजबाग में उमड़ पड़ा. हज़रत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह का जन्मोत्सव मंगलवार को ताजबाग में बड़े उत्साह, श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया| इस अवसर पर शहर भर से बड़ी संख्या में अकीदतमंद ताजबाग दरगाह परिसर में पहुंचे और बाबा की मजार पर चादरपोशी व फूल पेश कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह ट्रस्ट कार्यालय से संदल निकाला गया, जो शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए वापस ताजबाग पहुंचा। संदल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. संदल की वापसी के बाद बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर ट्रस्ट की जानिब से चादर पेश की गई । वही जन्मोत्सव पर ताजबाग दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं के बीच केक काटकर बाबा का जन्मदिन मनाया गया। शाम को मगरिब की नमाज़ के बाद कुरानखानी और मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया। इस दौरान बाबा की बारगाह में दुआएं मांगी गईं और देश में अमन-चैन व खुशहाली की कामना की गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट की ओर से लंगर सेवा की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस निगरानी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे ज़िया ख़ां, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फारूक बावला, मुस्तुफा टोपिवाला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया तथा इमरान ख़ान ताजी प्रमुख रूप से उपस्थित थे । कार्यक्रम का समापन सामूहिक दुआ और समाज में भाईचारे, सद्भाव और नशामुक्ति के संदेश के साथ किया गया।




