– चालक बुरी तरह जख्मी
नागपुर :- बेलतरोडी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैवल्स बस (एमएच 40/सी.टी. 8039) की जोरदार टक्कर से कार (एमएच32/वाय-2032) चालक बुरी तरह जख्मी हो गया. घायल का नाम सप्तगंगा सोसाइटी, बेलतरोडी निवासी अरविंद तुलाराम हारगुडे (33) बताया गया जबकि बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया. अरविंद महामेट्रो में टेक्नीशियन-1 पद पर कार्यरत है. वह नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले तो रात करीब 10.45 बजे वर्धा रोड से नागपुर की ओर महेश ढाबा कटिंग के पास यू-टर्न लेते समय बस के चालक ने लापरवाही से आते हुए अरविंद की कार को जोरदार टक्कर मार दी. बस चालक ने न तो कोई हार्न बजाया, न ही इंडीकेटर शुरू किया था. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार काफी दूर तक घिसटती हुए चली गई. अरविंद कार के केबिन में फंस गये और बुरी तरह जख्मी हो गये. घटना के बाद बस ड्राइवर फरार हो गया. लोगों ने जैसे-तैसे अरविंद को चकनाचूर हो चुकी कार से निकाला और एम्स में भर्ती कराया.



