spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

घर से निकलते ही कार ने बच्ची को कुचला

– उपचार से पहले मौत,माता-पिता के सामने हुआ हादसा

नागपुर :- हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के महाकाली नगर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घर से माता-पिता के साथ टहलने निकलने से कुछ क्षण पहले ही बच्ची सड़क पर पहुंची थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान त्रिशा गुरनुले के रूप में हुई है। उसके पिता प्रशांत ड्राइवर हैं, जबकि मां गृहिणी है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे त्रिशा ने माता-पिता के साथ घर में भोजन किया। इसके बाद दोनों उसके साथ टहलने जाने वाले थे। माता-पिता के बाहर निकलने से पहले ही त्रिशा ने दरवाजा खोला और बाहर चली गई। इसी दौरान दायीं ओर से तेज गति में आ रही कार क्रमांक एमपी-28/जेडसी-7060 ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा माता-पिता की आंखों के सामने हुआ। टक्कर लगते ही बच्ची के परिजनों की चीख-पुकार मच गई। आसपास के नागरिक भी तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गंभीर हालत में त्रिशा को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद नागरिकों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हुड़केश्वर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles