spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नरेंद्रनगर पुलिया के पास हिस्ट्रीशीटर की हत्या

– गर्लफ्रेंड के साथ रेस्टॉरेंट शुरू करने को लेकर विवाद, पीछा कर पकड़ा आरोपी

नागपुर :- नरेंद्रनगर पुल के पास गुरुवार शाम कुख्यात गुंडे की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। गर्लफ्रेंड के साथ रेस्टॉरेंट शुरू करने को लेकर हुए विवाद के बाद यह खूनी वारदात हुई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा कर उसे दबोच लिया। मृतक की पहचान कुंजीलालपेठ निवासी गौरव पंकज रगडे (25) के रूप में हुई है। आरोपी कलंब, यवतमाल निवासी गौरव रामभाऊ राऊत बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, गौरव रगडे के खिलाफ हत्या और वसूली का मामला दर्ज था तथा वह करीब 15 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। आरोपी राऊत के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक, गौरव राऊत और रगडे की गर्लफ्रेंड मिलकर छत्रपति चौक के पास ‘क्लाउड किचन’ नाम से रेस्टॉरेंट शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए राऊत ने इलाके में एक कमरा किराये पर लिया था। रगडे को इसकी जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को वह कमरे पर पहुंचा। वहां राऊत और उसके दोस्त के साथ वह शराब पीने बैठ गया। शराब के नशे में रगडे ने राऊत के साथ गाली-गलौज की और कमरे में तोड़फोड़ करते हुए कांच भी फोड़ दिए। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। विवाद के दौरान रगडे वहां से भागने लगा, जबकि राऊत ने उसका पीछा किया। नरेंद्रनगर पुलिया के पास रगडे गिर गया। इसी दौरान राऊत ने उस पर चाकू से कई वार किए और मौके से भागने लगा।

इसी बीच गश्त पर तैनात पुलिसकर्मी मनीष भलमे और नरेश सावनकर को घटना की जानकारी मिली। दोनों मौके पर पहुंचे। राऊत के भागने पर मनीष भलमे ने उसका पीछा किया और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक नितिनचंद्र राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया। मामले में बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डेढ़ किलोमीटर पीछा कर आरोपी को दबोचा

चाकू से हमला करने के बाद गौरव राऊत मौके से भागने लगा था। गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मी मनीष भलमे ने उसका पीछा किया। करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया और उसके कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया।

Popular Articles