– दिल दहला देने वाली इस घटना
नई दिल्ली :- पंजाब के मोहाली से मर्डर केस का वीडियो सामने आया है. दिल दहला देने वाली इस घटना में एक निजी कूरियर कंपनी के दफ्तर में सबके सामने 30 साल की महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. इस खौफनाक हमले को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का ही सहकर्मी और पूर्व प्रेमी हरजिंदर सिंह मान है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार शाम को हुई यह पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका डिंपल और आरोपी हरजिंदर सिंह मान एक ही कूरियर कंपनी में साथ काम करते थे. काम करने के दौरान दोनों का रिश्ता प्यार में बदल गया. पर कुछ समय पहले ही दोनों का ब्रेकअप हो गया था और उन्होंने रिश्ता खत्म कर लिया था. पेंच असल में हरजिंदर के ब्रेकअप को बर्दाश्त न कर पाने का था.
इंडिया टुडे ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि हरजिंदर लगातार डिंपल पर दोबारा पैचअप करने का दबाव बना रहा था. डिंपल ने जब उसकी बात नहीं मानी, तो वो पिछले कुछ हफ्तों से काफी तनाव में था. गुरुवार शाम को इसी बात को लेकर दफ्तर के भीतर दोनों में बहस शुरू हुई, जिसके बाद हरजिंदर ने चाकू निकालकर डिंपल पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.
जब हमला हुआ तो दफ्तर में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने डिंपल को बचाने की पूरी कोशिश की, पर हरजिंदर के सिर पर खून सवार था. डिंपल को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद पर भी वार किया और जान देने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दोनों को गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. आरोपी हरजिंदर की हालत भी गंभीर बनी हुई है और वो अस्पताल में भर्ती है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
फेज-11 थाने के एसएचओ अमन बैदवान ने घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर डिंपल के परिवार को सूचना दे दी है. माता-पिता के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने क्राइम सीन को सील करके फॉरेंसिक सबूत जुटाए हैं. दफ्तर के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है ताकि घटना के सही क्रम को समझा जा सके. पुलिस चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी के आधार पर आगे की जांच बढ़ा रही है.








