– बाबुलखेड़ा में पुत्र ने की पिता की हत्या,आरोपी बेटा गिरफ्तार
नागपुर/खापरखेड़ा :- बाबुलखेड़ा-चिचोली में शराब के नशे में पारिवारिक विवाद के चलते 30 वर्षीय बेटे ने अपने पिता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए गांव के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र धनिराम कापसे (59) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9.25 बजे के आसपास जब धर्मेंद्र कापसे और उनकी पत्नी अपने परिचित नीलकंठ राऊत के घर बैठे थे, तभी शराब के नशे में धुत अंकित कापसे वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर बहस करने लगा। इसके बाद उसने घर से लोहे की रॉड लाकर अपने पिता के सिर पर वार कर दिया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने घायल कापसे को अस्पताल लेकर गये, जहां डॉक्टरों ने जांच कर उन्हे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खापरखेड़ा पुलिस और अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित को कोराडी टी-पॉइंट इलाके से हिरासत में ले लिया। खापरखेड़ा पुलिस ने अंकित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप बुवा के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है।








