– घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी उड़ाई, आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :- नागपुर जिले के कामठी शहर के नया नगर स्थित रानी तालाब परिसर में हुई चोरी की वारदात का न्यू कामठी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी सौरभ श्रावण कुंजेकर (23) को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये के करीब का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी नया नगर, रानी तालाब, कामठी निवासी प्रियांका सिद्धार्थ पाटिल (36) 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपने घर पर ताला लगाकर काम के सिलसिले में बाहर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर में प्रवेश कर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी समेत कुल 64 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया। घटना की शिकायत मिलने पर न्यू कामठी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर नया नगर निवासी सौरभ श्रावण कुंजेकर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उसके पास से चोरी का माल बरामद किया। इसमें सोने का लॉकेट लगी चेन, कानों के टॉप्स, काले मोतियों का मंगलसूत्र, चांदी की बिछिया और नकदी शामिल है। पुलिस के अनुसार, बरामद माल की कीमत करीब एक लाख रुपये के आसपास है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधले के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक विकास तिडके, पुलिस हवलदार विवेक दोरसेटवार, पुलिस सिपाही सुरज ठाकुर और तुषार मोरे ने की।






