spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नागपुर से नागद्वार यात्रा हुई महंगी

– 175 रुपए तक बढ़ा किराया, 8 अगस्त से शुरू हुई एसटी बस सेवा

नागपुर :- नागपंचमी पर मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित नागद्वार मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की जेब पर इस बार अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से मेले को लेकर लागू किए गए नए किराया नियमों के चलते नागपुर से पचमढ़ी की एसटी बस यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में महंगी हो गई है। सामान्य यात्रियों को करीब 175 रुपए, जबकि महिला और वरिष्ठ नागरिकों को करीब 180 रुपए अधिक किराया देना पड़ रहा है।

महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने 8 अगस्त से नागद्वार यात्रा के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 40 एसटी बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें 8 से 16 अगस्त तक नागपुर से पचमढ़ी के बीच संचालित की जाएंगी। नागपंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले नागद्वार मेले में नागपुर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

पिछले वर्ष से कितना बढ़ा किराया?

पिछले वर्ष नागपुर से पचमढ़ी के लिए सामान्य यात्रियों का किराया 400 रुपए, महिला एवं वरिष्ठ यात्रियों का 350 रुपए और अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना के तहत किराया 295 रुपए था। इस वर्ष महिला एवं वरिष्ठ यात्रियों से 575 रुपए, जबकि अमृत ज्येष्ठ नागरिकों से 475 रुपए किराया लिया जा रहा है।

मध्यप्रदेश राजपत्र क्रमांक 247 के अनुसार किराया दरों में यह बदलाव किया गया है। महाराष्ट्र की अमृत योजना मध्यप्रदेश में लागू नहीं होने के कारण केलवद के आगे मध्यप्रदेश सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार किराया वसूला जा रहा है।

पहले दिन 17 बसें रहीं हाउसफुल

नागद्वार यात्रा के पहले दिन 8 अगस्त को शाम 4 बजे से रात 10.45 बजे तक बसों का संचालन किया गया। इस दौरान 17 बसें पूरी तरह हाउसफुल रहीं। एसटी अधिकारियों के अनुसार, नागपंचमी नजदीक आने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसटी महामंडल ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। नागद्वार मेले में जाने वाले यात्रियों के लिए एसटी बसें सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन साधन मानी जाती हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.