नागपुर :- पुलिस शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को नागपुर शहर पुलिस मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देशभर में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए 153 पुलिस अधिकारियों और जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुंबई उच्च न्यायालय के नागपुर खंडपीठ के प्रशासकीय न्यायमूर्ति अनिल किलोर प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी सहित शहर, ग्रामीण, रेलवे पुलिस और राज्य रिजर्व पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। श्रद्धांजलि समारोह में कुल 120 जवानों ने परेड और बैंड पथक के माध्यम से शहीदों को सलामी दी। उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए 10 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की स्मृति में हर वर्ष पुलिस शहीद स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा और कर्तव्य पालन के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को समर्पित है।








