– 16.51 लाख का माल जब्त, ओडिशा के सप्लायर की तलाश जारी
नागपुर :- नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के एंटी नारकोटिक्स सेल ने शांतिनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो 998 ग्राम गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नकदी, मोबाइल फोन, डिजिटल वजन कांटे और एक बिना नंबर की बर्गमैन मोपेड सहित 16 लाख 51 हजार 520 रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के पेट्रोलिंग के दौरान एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को दहीबाजार स्थित दलाल चौक में शेख वसीम के घर के सामने बने टीन शेड में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। एक व्यक्ति मोपेड पर एक बोरा ले जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर उसकी तलाशी ली गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ताजशेठ बिल्डिंग के पास, बीच का पुलिया, दहीबाजार, नागपुर निवासी शेख जावेद शेख मुन्ना राईन (35) बताया। वहीं, टीन शेड में मौजूद दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम स्टार मेडिकोज के सामने, दलाल चौक, शांतिनगर, नागपुर निवासी मोहम्मद हारून रशीद पिंजारी (39) बताया। तलाशी के दौरान मोपेड पर रखे बोरे तथा टीन शेड में रखे चार अन्य प्लास्टिक के बोरों से कुल 54 किलो 998 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो डिजिटल वजन कांटे, गांजा बिक्री से प्राप्त 1 लाख 35 हजार 570 रुपये नकद तथा एक बिना नंबर की मोपेड भी जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा उन्हें बिक्री के लिए ओडिशा निवासी विक्की (35) ने उपलब्ध कराया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इस मामले में शांतिनगर पुलिस थाने में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी) (ii) (सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त माल सहित आरोपियों को आगे की जांच के लिए शांतिनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त शिवप्रसाद पारवे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई को सफल बनाने में पुलिस निरीक्षक भारत क्षीरसागर, सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप जाधव, पुलिस हवलदार ज्ञानेश्वर भोगे, शेख इमरान, रत्नाकर कोठे, विवेक आढाव, पुलिस आरक्षक संतोष शेंद्रे, धनराज मसराम, शेषराव रेवतकर, राहुल पाटिल तथा महिला पुलिस हवलदार अनुप यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




