spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

महिला से दुष्कर्म करने वाला भोंदू बाबा गिरफ्तार

नागपुर :- जादू-टोने और विशेष पूजा के नाम पर एक 52 वर्षीय महिला को झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में हुडकेश्वर पुलिस ने एक कथित धर्मगुरु को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता के 21 वर्षीय बेटे को माथाडी मजदूर के रूप में नौकरी दिलाने का लालच देकर परिवार का विश्वास जीता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय रामदास शिरोडे (50) के रूप में हुई है। वह तुकडोजी चौक स्थित एमएसईबी कार्यालय में चौकीदार के रूप में कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार, 16 जून को पीड़िता के पति की मुलाकात आरोपी से म्हालगीनगर स्थित उप-पंजीयक कार्यालय में हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उनके बेटे को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए विशेष पूजा कराने की बात कही। 27 जून को वह पूजा सामग्री लेकर पीड़िता के घर पहुंचा। पूजा के दौरान उसने महिला के पति और बेटे को पेड़ों की जड़ें लाने के बहाने बाहर भेज दिया। घर में महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे जबरन कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी महिला पर दबाव बनाता रहा। वह नौकरी दिलाने, परिवार में समृद्धि लाने और अधूरे काम पूरे कराने का झांसा देकर अपनी मांगें मानने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर उसने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना बताई तो उसके पति की हत्या कर देगा। भय के कारण पीड़िता कई दिनों तक चुप रही। 5 जुलाई को आरोपी द्वारा दोबारा संपर्क किए जाने के बाद महिला ने पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद दंपती ने हुडकेश्वर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह जादू-टोने, पूजा-पाठ और नौकरी दिलाने का झांसा देकर अन्य परिवारों को भी अपना शिकार बनाया था या नहीं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Popular Articles