– क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने की कार्रवाई
नागपुर :- हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और एक नाबालिग बालक शामिल है। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हुडकेश्वर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी गायत्री निकेश सूर्यवंशी (35) की शिकायत पर उनके बेटे की हत्या के मामले में हुडकेश्वर थाने में हत्या, आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-5 को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी कोराडी मंदिर परिसर में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान ज्ञानेश्वर नगर, नागपुर निवासी पीयूष नारायण बघेल (19) के रूप में हुई, जबकि दूसरा नाबालिग बालक है। दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए हुडकेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





