spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

आगामी चुनावों में इस्तेमाल होंगी ‘एस-3’ ईवीएम

– नागपुर जिले को मिले 3,000 कंट्रोल यूनिट, अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण

नागपुर :- आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने ईसीआईएल कंपनी से नई ‘एस-3’ श्रेणी की इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनें (ईवीएम) उपलब्ध कराई हैं। नागपुर जिले को 3,000 कंट्रोल यूनिट (सीयू), 1,000 बैलेट यूनिट (बीयू) और 1,000 एसएमएम प्राप्त हुए हैं। इन मशीनों के संचालन, प्रबंधन और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

सदर स्थित जिला नियोजन भवन के नियोजन सभागृह में आयोजित प्रशिक्षण में राज्य निर्वाचन आयोग के अवर सचिव शैलेंद्र वराडे, कक्ष अधिकारी समीर राणे और ईवीएम समन्वयक गौरव बडोदेकर ने मार्गदर्शन किया। हैदराबाद स्थित ईसीआईएल के विशेषज्ञ अभियंताओं ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नई मतदान मशीनों की कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं और उनके प्रत्यक्ष संचालन का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान मतदान मशीनों को रखने के लिए निर्धारित गोदाम का भी निरीक्षण किया गया।

ईएमएस प्रणाली से होगा मशीनों का प्रबंधन

नई ‘एस-3’ मतदान मशीनों की पंजीकरण प्रक्रिया, प्रबंधन और संबंधित कार्यों को सुचारु बनाने के लिए ईसीआईएल ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनेजमेंट सिस्टम (ईएमएस) विकसित किया है। प्रशिक्षण में इस प्रणाली के उपयोग के साथ ही मतदान मशीनों के संचालन और चुनाव से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

ईसीआईएल के अभियंताओं ने प्रत्यक्ष प्रात्यक्षिकों के माध्यम से मशीनों की कार्यप्रणाली और सॉफ्टवेयर प्रणाली के इस्तेमाल की जानकारी दी। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के अवर सचिव शैलेंद्र वराडे ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया।

चुनावी तैयारियों को गति देने का प्रयास:

आगामी चुनावों के मद्देनजर अधिकारियों और कर्मचारियों को नई मशीनों के प्रभावी संचालन में सक्षम बनाना तथा ईवीएम प्रबंधन और चुनावी प्रक्रिया की योजना को सुगम बनाना प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य था।

जिलाधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार प्रशिक्षण के नियोजन के लिए डॉ. रचना इंदुरकर और तहसीलदार श्रद्धा बागराव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। वहीं, समन्वय की जिम्मेदारी उमरेड के नायब तहसीलदार विनोद थोरवे और चंद्रकांत पडोले ने संभाली।

Popular Articles