नागपुर :- हजरत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह का छमाही उर्स ताजाबाद शरीफ में अत्यंत उत्साह, अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से प्रतिदिन विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंद श्रद्धालु श्रद्धा की चादर लेकर ताजाबाद शरीफ पहुंच रहे है । श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ताजाबाद परिसर में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है ।
शुक्रवार 16 जनवरी को सुबह 9 बजे हजरत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह की दरगाह परिसर में सज्जादा नसीम सैयद यूसुफ इकबाल ताजी की सरपरस्ती एवं अमीर-ए-शरीयत हजरत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अब्दुल कादीर खान की अध्यक्षता में पंचम राजा रघुजीराव भोसले महाराज के करकमलों द्वारा परचम खुशी की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर ताजाबाद की शाही मस्जिद के इमाम मौलाना खुर्शीद आलम खान ताजी ने कुरआन पठन किया. इस अवसर पर प्रमुख रूप से हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्यार जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फारूक भाई बावला, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, हाजी इमरान खान ताजी एवं मुस्तफाभाई टोपीवाला उपस्थित थे ।
इसके पश्चात दोपहर में हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से दरबारी शाही संदल निकाला गया, जो शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए पुनः ताजाबाद शरीफ पहुंचा. संदल की वापसी के बाद भी ताजुद्दीन रहमतुल्ला अलैह की मजार पर फूल और चादर चढ़ाई गई. रात में ईशा की नमाज के बाद मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया।
आज कुल शरीफ की फतेहा
शनिवार 17 जनवरी को सुबह कुरआन ख्वानी एवं कुल शरीफ की फातेहा के साथ छमाही उर्स का समापन होगा । ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से कुल शरीफ की फतेहा में शामिल होने का आह्वान किया है ।








