spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अफगानिस्तान से आया 1.10 करोड़ का अंजीर बीच रास्ते से नदारद

– राजस्थान पुलिस ने अमरावती से चार आरोपियों को दबोचा

– चित्रा चौक के होटल में छिपे थे, स्थानीय व्यापारियों की सतर्कता से मामला उजागर

अमरावती :- अफगानिस्तान से मंगाए गए करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए कीमत के सूखे अंजीर की बड़ी खेप को बीच रास्ते में चुराने वाले चार शातिर आरोपियों को राजस्थान की कोटा पुलिस ने अमरावती शहर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 जनवरी की देर रात शहर अपराध शाखा के मिलकर चित्रा चौक स्थित एक होटल में की गई। स्थानीय ड्रायफ्रूट व्यापारियों की सतर्कता से इस अंतरराज्यीय चोरी का सनसनीखेज खुलासा हुआ। यह खेप मुंबई के व्यापारी ने अफगानिस्तान से एअर कार्गो के जरिए मंगवाई थी। जानकारी के अनुसार, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते अफगानिस्तान से अंजीर की खेप आम तौर पर एयर कार्गो के जरिए भारत लाई जाती है। इसी कड़ी में मुंबई के एक व्यापारी ने अफगानिस्तान से 1.10 करोड़ रुपए मूल्य की सूखे अंजीर की 2230 पेटियों मंगवाई थी। 6 जनवरी को यह पूरी खेप एक ट्रक में भरकर मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना की गई थी, जिसे 9 जनवरी तक दिल्ली पहुंचना था। लेकिन रास्ते में राजस्थान के कोटा के पास ट्रक को छोड़कर अज्ञात चोर पूरी खेप उड़ा ले गए।

निर्धारित समय पर ट्रक दिल्ली न पहुंचने पर मुंबई के व्यापारी ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कोटा पुलिस को ट्रक लावारिस हालत में मिलने से वहां भी चोरी का मामला दर्ज हुआ। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चार संदिग्ध पिछले कई दिनों से अमरावती के चित्रा चौक स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं और स्थानीय ड्रायफ्रूट व्यापारियों को बेहद सस्ते दाम पर अंजीर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान एक सतर्क व्यापारी को सौदे पर शक हुआ। उसने खरीद का भरोसा दिलाकर आरोपियों से अंजीर का सैंपल लिया और पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने शहर अपराध शाखा को सूचना दी। अपराध शाखा ने वह वीडियो पुलिस के वाट्सएप ग्रुप पर साझा किया, जिसे देखकर कोटा पुलिस को आरोपियों की लोकेशन की पुष्टि हो गई। इसके बाद 14 जनवरी की रात कोटा पुलिस अमरावती पहुंची और शहर अपराध शाखा के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल से चारों आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से चोरी की अंजीर की 33 पेटियां बरामद की गईं। कोटा पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई।

Popular Articles