– 4 शिकारी गिरफ्तार, वन विभाग ने की कार्रवाई
नागपुर :- पवनी वन परिक्षेत्र के सावंगी में आरक्षित वन क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो मॉनिटर लिजर्ड (गो) का शिकार करने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मॉनिटर लिजर्ड का मांस, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर शेषराव धुर्वे (23), रवींद्र बुध्या मरसकोल्हे (42), प्रशांत विवेक मरसकोल्हे (26) और दिनेश जगत आहाके (18), सभी निवासी सावंगी, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पवनी वन परिक्षेत्र के सावंगी बीट स्थित आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 423 में सुबह करीब 11 बजे वनकर्मियों की गश्त चल रही थी। इसी दौरान टीम को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। वनकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर दो मॉनिटर लिजर्ड का शिकार किया था। वन विभाग ने घटनास्थल से दो मॉनिटर लिजर्ड का मांस, दो सत्तूर, दो ब्लेड और दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई उप-वन संरक्षक डॉ. विनीता व्यास के मार्गदर्शन तथा सहायक वन संरक्षक गोविंद लूचे एवं मानद वन्यजीव रक्षक अविनाश लोंढे के नेतृत्व में की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी सागर बंसोड, क्षेत्र सहायक वाईबी पाटिल, एमपी पंचबुधे, जीओ राऊत, वीएस सोडगीर, एसआर मरसकोल्हे, इमरत टेकाम, विनोद टेकाम समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई में सहभाग लिया। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शिकार के उद्देश्य और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच जारी है।





