– होटल मालिक गिरफ्तार, नाबालिग समेत दो महिलाओं को किया रेस्क्यू
नागपुर :- अपराध शाखा के सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने कामठी मार्ग स्थित भिलगांव क्षेत्र के जे.एस. लॉजिंग रेस्टोरेंट में चल रहे कथित देह व्यवसाय का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान होटल मालिक को गिरफ्तार किया गया, जबकि 16 वर्षीय नाबालिग लड़की समेत दो महिलाओं को मुक्त कराया गया। मामले में यशोधरा नगर पुलिस थाने में पीटा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम गर्रा, तह. वारासिवनी, जि.बालाघाट (मध्य प्रदेश) निवासी शिव शंकर रघुजी पटले (24) के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल मालिक महिलाओं को कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर होटल में ग्राहकों के लिए कमरे उपलब्ध करा रहा है। पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटिल के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी नन्नावरे, महिला पुलिस हवलदार आरती चौहान तथा पुलिसकर्मियों ने होटल में छापा मारा। पहली मंजिल के एक कमरे में 18 वर्षीय युवती मिली। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसे होटल में नौकरी दिलाने के बहाने लाया गया था और बाद में ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए पैसे देने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस को दूसरे कमरे में एक अन्य महिला और 16 वर्षीय नाबालिग लड़की भी मिली। जांच में सामने आया कि नाबालिग को बब्बू उर्फ कुलजीत सिंह रैन 10 अगस्त की रात घूमने के बहाने होटल लेकर आया था और बाद में वहां छोड़कर चला गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। कार्रवाई के दौरान होटल मालिक के पास से 2 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल, 500 रुपये के चार नोट तथा होटल का ग्राहक पंजीकरण रजिस्टर समेत कुल 12,410 रुपये का सामान जब्त किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।





