spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

5 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार

– चाइनीज ठेला हटाने के विवाद में हुई थी घोडेस्वार की हत्या

नागपुर :- शहर क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने हत्या के मामले में पिछले पांच साल से फरार चल रहे आरोपी प्रशांत उर्फ सोनू चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खापरखेड़ा का निवासी है। पुलिस ने उसे चनकापुर स्थित डब्ल्यूसीएल कॉलोनी से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए खापरखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामला वर्ष 2021 का है। खापरखेड़ा के वार्ड क्रमांक-2 में मोहन किराना दुकान के पास चाइनीज ठेला हटाने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता के भाई प्रशांत घोडेस्वार का ठेला गावंडे कॉम्प्लेक्स के सामने एमएसईबी के पास लगा था। इसी दौरान ठेला हटाने की बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि प्रशांत उर्फ सोनू चौधरी सहित सात आरोपियों ने मिलकर प्रशांत घोडेस्वार पर धारदार हथियार से हमला किया और उसका गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में खापरखेड़ा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि प्रशांत चौधरी फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर उसकी तलाश कर उसे चनकापुर स्थित डब्ल्यूसीएल कॉलोनी से पकड़ लिया।

ट्रक चालक की हत्या और लूट के मामले में भी नाम

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम अन्य आपराधिक मामलों में भी सामने आया है। वर्ष 2015 में वर्धा जिले के देवली पुलिस थाना क्षेत्र में ट्रक चालक रंजीत सिंह कुशवाह की हत्या और ट्रक लूटने के मामले में भी वह आरोपी रहा है। इस प्रकरण में वह करीब 22 महीने जेल में रहा था। बाद में अदालत में पेशियों पर अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने की जानकारी पुलिस ने दी।

इसके अलावा, वर्ष 2019 में खापरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज जबरन चोरी के मामले में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई है। इस मामले में भी अदालत में पेश नहीं होने के कारण उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की चिकित्सकीय जांच कराई गई और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खापरखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Popular Articles