– पत्नी की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ, कुछ ही घंटों बाद तोड़ा दम
नागपुर/कलमेश्वर :- तहसील के ब्राह्मणी गांव में एक बेहद भावुक और आश्चर्यजनक घटना सामने आई है। यहां झंडा चौक निवासी एक वृद्ध दंपति का 26 अक्टूबर को एक ही दिन निधन हो गया। पहले वृद्ध पत्नी ने अंतिम सांस ली और उसके कुछ ही घंटों बाद वृद्ध पति का भी निधन हो गया। इस घटना से ब्राह्मणी गांव में शोक का माहौल है। एक साथ जीवन बिताने वाले इस दंपति की एक ही दिन हुई मृत्यु से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्राह्मणी के झंडा चौक निवासी सरस्वती वासुदेव मोमते (75) और उनके पति वासुदेव विठोबा मोमते (80) लंबे समय से वृद्धावस्था में जीवन व्यतीत कर रहे थे। 26 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे सरस्वती मोमते का वृद्धावस्था के कारण निधन हो गया। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में उसी दिन शाम करीब 7 बजे ब्राह्मणी स्थित श्मशानभूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पत्नी के निधन के बाद परिवार के लोग अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाए थे कि उसी रात करीब 8:30 बजे उनके पति वासुदेव मोमते का भी निधन हो गया। बताया जाता है कि पत्नी की मृत्यु का गहरा सदमा वे सहन नहीं कर सके। पत्नी के निधन के कुछ ही घंटों बाद पति की मृत्यु होने से परिवार पर दुखों का दोहरा पहाड़ टूट पड़ा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वासुदेव मोमते का ब्राह्मणी स्थित श्मशानभूमि में अंतिम संस्कार किया गया।
उत्कृष्ट कुश्ती खिलाड़ी के रूप में थी पहचान
वासुदेव मोमते की पहचान एक उत्कृष्ट कुश्ती खिलाड़ी के रूप में थी। अपने जीवनकाल में उन्होंने कुश्ती के क्षेत्र में अच्छी पहचान बनाई थी। उनके निधन से परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक व्याप्त है। वृद्धावस्था में जीवन के अंतिम पड़ाव तक साथ निभाने वाले इस दंपति की एक ही दिन मृत्यु होने की घटना ने सभी को भावुक कर दिया है।
इस वृद्ध दंपति के परिवार में एक बेटा, तीन बेटियां, नाती-पोते और बड़ा परिवार है। माता-पिता दोनों को एक ही दिन खो देने से परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ब्राह्मणी गांव में इस घटना की चर्चा हो रही है और ग्रामीणों ने दिवंगत दंपति को श्रद्धांजलि अर्पित की।








