spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

देवनगर हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार

– कार के सामने पटाखे फोड़ने से रोका तो पेट में घोंपा चाकू

नागपुर :- दिवाली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देवनगर में खूनी वारदात में बदल गया। कार के सामने आतिशबाजी करने से मना करने पर 27 वर्षीय अमन उर्फ बॉबी सुनील सपाटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे अमन अपने दोस्त के साथ कार से देवनगर में एक मित्र का जन्मदिन मनाने पहुंचा था। देवनगर चौक स्थित जूस सेंटर के सामने कुछ युवक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे। कार के रास्ते में आतिशबाजी करने से मना करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मुख्य आरोपी अक्षय मडावी और उसके साथियों ने अमन पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अमन को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरोपी पर 22 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अंबाझरी निवासी अक्षय किशोर मडावी (29) और जरीपटका निवासी पीयूष महेश नेणवाणी (31) शामिल हैं। अक्षय पर हत्या का आरोप है, जबकि पीयूष पर वारदात के बाद आरोपियों को फरार होने में मदद करने का आरोप है। बजाजनगर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग शामिल है। मुख्य आरोपी अक्षय के खिलाफ करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर अक्षय और पीयूष को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, एक किआ सोनेट कार और एक होंडा डियो मोपेड सहित कुल 17.20 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

थानेदार का तबादला, पुलिस महकमे में चर्चा

हत्याकांड के बाद बजाजनगर के पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान का पुलिस मुख्यालय में तबादला कर दिया गया। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के इस निर्णय को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा है। वहीं, घटना से कुछ देर पहले घटनास्थल के पास एक बाइक शोरूम में आग लगने की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन दल की टीमें पहुंची थीं। आग की कार्रवाई पूरी होने के करीब 20 मिनट बाद हत्या की वारदात हुई।

Popular Articles