– साइबर अपराधियों ने दिया निवेश का झांसा
नागपुर :- एयरफोर्स के सेवानिवृत्त अधिकारी को लाखों रुपए से ठगे जाने का मामला उजागर हुआ है। घटित प्रकरण को दो साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में निवेश करने का झांसा देकर अंजाम दिया है। साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। बरामद नंबर के आधार आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित एयरफोर्स का सेवानिवृत अधिकारी हैं। लोभवश जमा किए पैसे नवंबर महीने में मोबाइल पर सर्च करते वक्त उसे फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश करने का विज्ञापन दिखा। जिसमें कम समय में ज्यादा लाभ कमाने के अलावा इस बारे में मुक्त सलाह के लिए संपर्क करने को कहा गया था। सर्च करते वक्त पीड़ित ने मोबाइल नंबर दिया था। जिससे दूसरे दिन दो अपरिचित लोगों ने शेयर मार्केट में सक्रिय किसी फर्जी कंपनी के संचालक होने का झांसा देकर फोन किया, जबकि वह साइबर अपराधी थे इससे अनभिज्ञ पीड़ित ने अपराधियों को लुभावने झांसे में आकर उनके द्वारा बताए गए विविध बैंक खातों में सेवानिवृत्त से मिली रकम और अन्य जमा पूंजी कुल 79 लाख रुपए आरोपियों के खातों में जमा की। बाद में उन्हें ठगे जाने का एहसास हो गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस और संबंधित बैंक को दी गई। आरोपी राशि निकालते उसके पहले ही बैंक अधिकारियों की मदद से 25 लाख रुपए फ्रीज किए गए हैं, जबकि 54 लाख रुपए से पीड़ित को ठगा गया है। बरामद नंबर से पता चला है कि आरोपियों ने दिल्ली से घटित प्रकरण को अंजाम दिया है। साइबर टीम मामले की पड़ताल कर रही है।




