– ऐतिहासिक शिवाजी महाराज प्रशासनिक परिसर में होंगी सीनेट व मैनेजमेंट काउंसिल की बैठकें
– नए परीक्षा भवन की तैयारी : अमरावती रोड कैंपस में बनेगा पांच मंजिला भवन
नागपुर :- राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के परीक्षा भवन को महाराजबाग चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज प्रशासनिक परिसर में शीघ्र स्थानांतरित किए जाने के संकेत कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस ऐतिहासिक इमारत का उपयोग केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्ष में कम से कम एक बार सीनेट तथा मैनेजमेंट काउंसिल की बैठकें भी यहां आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।
ब्ल्यू प्रिंट’ तैयार करने के निर्देश : वर्तमान में विद्यापीठ का परीक्षा भवन लक्ष्मीनारायण अभिनव तंत्रज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में स्थित है। एलआईटी के स्वतंत्र होने के बाद, उनके परिसर में विद्यापीठ की इमारतों को तत्काल हस्तांतरित करने की मांग उठी थी। इसके चलते, विद्यापीठ ने परीक्षा भवन को महाराजबाग चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज प्रशासकीय परिसर की पुरानी इमारत में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था। 14 मई 2025 को तत्कालीन प्रभारी कुलगुरु डॉ. माधवी खोडे चवरे ने एलआईटी परिसर में स्थित परीक्षा भवन, डॉ. नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी हॉस्टल, और महाराज बाग में प्रस्तावित स्थानांतरित परीक्षा भवन का निरीक्षण किया था। साथ ही, महाराज बाग में प्रस्तावित इमारत में विभिन्न विभागों को व्यवस्थित करने के लिए ‘ब्ल्यू प्रिंट’ तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। कार्य प्रारंभ हो चुका : इसके बाद कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने परीक्षा भवन को महाराजबाग चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज प्रशासनिक परिसर में शीघ्र स्थानांतरित किए जाने के संकेत दिए। डॉ. क्षीरसागर ने बताया कि इस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक इमारत में प्र-कुलगुरु का कार्यालय अच्छी स्थिति में है, लेकिन कुलगुरु कार्यालय की मरम्मत एवं दुरुस्ती में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है।
नागपुर विद्यापीठ ने अमरावती रोड स्थित अपने कैंपस परिसर में एक नया पांच मंजिला परीक्षा भवन बनाने का निर्णय लिया है। विद्यापीठ ने इस नई इमारत का प्रस्ताव हाल ही में राज्य सरकार को प्रस्तुत किया है। यह भवन फार्मेसी विभाग के परिसर में उपलब्ध खुली जगह पर बनाया जाएगा।
नागपुर विद्यापीठ के विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों को भी परीक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए परीक्षा भवन आना पड़ता है। छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए देखा जाए तो वर्तमान परीक्षा भवन पहले से ही अपेक्षाकृत दूर स्थित है। ऐसे में परीक्षा भवन को महाराजबाग चौक स्थित प्रशासनिक परिसर में स्थानांतरित करने के निर्णय से छात्रों में खुशी की लहर है, क्योंकि सीताबर्डी के निकट होने से परीक्षा भवन तक पहुंचना आसान होगा। हालांकि, एलआईटी परिसर से भी आगे विद्यापीठ कैंपस में जब नया स्थायी परीक्षा भवन तैयार होगा, तब दूरी बढ़ने के कारण विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।








