– 16 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज
अकोट :- अवैध साहूकारी करने वाले अकोट निवासी लखन अंभोरे की सामूहिक मारपीट में मौत हो गई. 9 मार्च को उस पर काठियों, लोहे के पाइप, पत्थरों और ईंटों से जानलेवा हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल होने पर उसे पहले अकोट और बाद में अकोला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पैसों के लेन-देन को लेकर उसे परिवार सहित बस्ती से बाहर निकालने के उद्देश्य से यह हमला किया गया. इस सामूहिक हमले में शामिल 16 लोगों के खिलाफ मृतक की पत्नी दुर्गा अंभोरे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. इनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है.
लखन मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी राजेंद्र नगर के प्रवेश द्वार पर घात लगाकर बैठे लोगों ने उसे घेर लिया और सामूहिक हमला कर दिया. हमले में उसकी पत्नी दुर्गा और दो व्यक्तियों को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा.
10 की तलाश जारी
लखन अंभोरे हत्या प्रकरण में शामिल 16 आरोपियों में से राम अंभोरे, अनिल शिवरकार, गजानन अंभोरे, छोटूदास शिवरकार, मुरली अंभोरे और पंकज शिवरकार इन छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इन्हें अदालत में पेश किए जाने पर न्यायालय ने 16 मार्च तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है. इस मामले में बाकी 10 आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष पथक नियुक्त किया है.