गोंदिया :- खरीफ मौसम के दौरान किसानों को खाद, बीज एवं कीटनाशक उचित दाम पर मिले एवं इनकी कालाबाजारी न हो, इसके लिए कृषि विभाग की ओर से 12 उड़नदस्तों के माध्यम से संपूर्ण संपूर्ण जिले में कृषि केन्द्रों की जांच की जा रही है। इस अभियान के दौरान पिछले 15 दिनों में जिले के 36 कृषि केन्द्रों में अनियमितता पाए जाने पर उनके लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित कर दिए गए हैं। जबकि कुछ केन्द्रों को आवश्यक सुधार करने की चेतावनी दी गई। गोंदिया जिले में कुल मिलाकर 1209 कृषि केन्द्र हैं। निलेश कानावड़े, जिला अधिक्षक कृषि अधिकारी ने बताया कि 36 केन्द्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें खाद के 13, बीज के 12 एवं कीटनाशक बिक्री के 11 लाइसेंसों का समावेश है। इसके अलावा 13 खाद लाइसेंस धारकों को मामूली त्रुटियां पाए जाने पर सुधार की चेतावनी दी गई है।








