– अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर महाराष्ट्र वन विभाग का उपक्रम
चंद्रपुर :- अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र वन विभाग के ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व ने ‘महाराष्ट्र राज्य वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता-2026’ की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों और प्राकृतिक आवासों का दस्तावेजीकरण करना, प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों को पर्यावरण से जोड़ना है।
वन विभाग ने देशभर के शौकिया एवं पेशेवर फोटोग्राफरों को प्रतियोगिता में भाग लेने का आमंत्रण दिया है। प्रतिभागी ‘वन्यजीवों का व्यवहार’, ‘वन्यजीव एवं उनका प्राकृतिक आवास’ तथा ‘संरक्षण का दृष्टिकोण’ इन तीन श्रेणियों में अपनी सर्वश्रेष्ठ अधिकतम छह तस्वीरें भेज सकते हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में नैतिक वन्यजीव फोटोग्राफी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। फोटो लेने के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक व्यवहार और वन क्षेत्र के संरक्षण का पूरा सम्मान किया जाना आवश्यक होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टियां ccffdtatr@gmail.com पर ईमेल करनी होंगी। तस्वीरें भेजने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के विस्तृत नियम एवं तकनीकी दिशा-निर्देश mytadoba.mahaforest.gov.in वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा 25 जुलाई 2026 को ईमेल के माध्यम से की जाएगी। चयनित तस्वीरों की प्रदर्शनी 29 जुलाई 2026 (अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस) पर आयोजित विशेष वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी में लगाई जाएगी। विजेताओं का सम्मान आईआईएम नागपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के हाथों प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व में पांच जिप्सी सफारी सहित निःशुल्क वन्यजीव फोटोग्राफी भ्रमण का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक डॉ. प्रभु नाथ शुक्ल (भारतीय वन सेवा) ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल फोटोग्राफी तक सीमित नहीं है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है।




