spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

15 अगस्त तक चलेगा आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी अभियान

– पात्र परिवारों को मिलेगा 5 लाख रूपये तक मुफ्त इलाज

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के लिए 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक विशेष ई-केवाईसी सेवा पखवाड़ा चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड का ई-केवाईसी पूरा कर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। इस अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा के लिए मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में आयुक्त डॉ. विपिन ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचकर उनका ई-केवाईसी समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र बहिरवार, महामारी अधिकारी डॉ. गोवर्धन नवखरे, पीएम-जेएवाई समन्वयक डॉ. नगरकर, चौहान, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के समन्वयक बावनकुले, सीआरसी केंद्र के समन्वयक वट्टे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

अब तक 2.68 लाख से अधिक लाभार्थियों का ई-केवाईसी

मनपा क्षेत्र में अब तक 3,14,200 पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। शहर की 1,157 आशा कार्यकर्ता ई-केवाईसी अभियान में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। 1 दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच 2,68,575 लाभार्थियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। शेष लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए आशा कार्यकर्ताओं के अलावा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य एवं आरोग्यवर्धिनी केंद्र, राशन दुकानें, सीआरसी केंद्र संचालक और पोर्टल आईडी धारकों की मदद से अभियान चलाया जाएगा।

योजना के तहत मिलते हैं ये लाभ

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में 1,256 प्रकार के उपचार और सर्जरी की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है। वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर भी उपलब्ध कराया गया है। नागरिकों की सुविधा के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसी), इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीजीएमसी) तथा शहर के 43 मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में ‘आरोग्य मित्र’ के माध्यम से भी आयुष्मान कार्ड बनवाने और संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Popular Articles