spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

रेलवे पुलिस ने पकड़ा इंटरनेशनल ड्रग तस्कर

– बैंकॉक से लाता था माल,मुंबई-कोलकाता में करता था सप्लाई

नागपुर :- मध्य रेल नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने गीतांजलि एक्सप्रेस से एक इंटरनेशनल ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोलकाता के कस्बा निवासी मोआज असगर (26) के रूप में हुई है। वह बैंकॉक से मादक पदार्थ लाकर मुंबई और कोलकाता में सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ कोलकाता में विदेश से मादक पदार्थ लाकर तस्करी करने का मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार था।

गुप्त सूचना के आधार पर नागपुर आरपीएफ की तीन टीमों ने ट्रेन क्रमांक 12869 हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया। ट्रेन के नागपुर पहुंचने से पहले B-2 कोच की सीट नंबर 23 पर आरोपी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से पासपोर्ट, छह डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, प्रायोरिटी पास, नेशनल कार्ड, कोलकाता मेट्रो कार्ड, दो महंगे मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड और 54,300 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक पाउच में मादक पदार्थ जैसी प्रतीत होने वाली गोलियां, दादर-हावड़ा का सामान्य टिकट और कपड़े भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने बैंकॉक से मादक पदार्थ लाकर मुंबई और कोलकाता में सप्लाई करने की बात कबूल की। उसने पूर्व में दो बार तस्करी करने और हाल ही में अपने एक साथी को करीब 8 किलो मादक पदार्थ उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी। मामले की जानकारी कोलकाता पुलिस के नारकोटिक सेल और डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को दी गई। इसके बाद एसआई जी. घोष के नेतृत्व में कोलकाता पुलिस की टीम नागपुर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जब्त सामग्री सहित कोलकाता पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Popular Articles