spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भालू का हमला, ड्यूटी पर तैनात वनरक्षक की मौत

– न्यू नागझिरा वन्यजीव अभयारण्य की घटना

गोंदिया :- न्यू नागझिरा वन्यजीव अभयारण्य में बुधवार शाम ड्यूटी के दौरान भालू के हमले में वनरक्षक एवं पूर्व सैनिक रामू (शामू) शरणागत (42) की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग में शोक की लहर है। वहीं, वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तिरोड़ा निवासी शरणागत न्यू नागझिरा अभयारण्य के उमरझरी प्रवेश द्वार क्षेत्र में नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। बुधवार शाम जंगल की ओर से अचानक एक भालू बाहर आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में शरणागत गंभीर रूप से घायल हो गए। भालू के हमले में वह अपनी जान नहीं बचा सके और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बचाव दल और अन्य कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच के साथ आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तिरोड़ा के वनक्षेत्र अधिकारी भगत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भालू के हमले में शरणागत की मौके पर ही मौत हो गई। वनरक्षक की मौत ने अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों और मानव गतिविधियों के बीच बढ़ते संघर्ष की स्थिति को एक बार फिर सामने ला दिया है। साथ ही वन्यजीव संरक्षण के लिए जंगल में तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और कार्य परिस्थितियों की समीक्षा की जरूरत भी महसूस की जा रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.