– सिर और चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
नागपुर :- मोक्षधाम घाट के समीप रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से जांच कर रही है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे मोक्षधाम के पास रेलवे ट्रैक की झाड़ियों में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही इमामवाड़ा थानेदार जयवंत पाटिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को शव के पास ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद मृतक के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘कमलेश’ नाम गुदा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस उसकी पहचान का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण फिलहाल जांच में कई पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है।





