spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ई-रिक्शा पर कसेगा शिकंजा, वर्दी और बैच नंबर होंगे अनिवार्य

– पुलिस-आरटीओ मिलकर तैयार करेंगे नए नियम

नागपुर :- शहर में तेजी से बढ़ रहे ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए नागपुर पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) नए नियम तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी, बेतरतीब पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए चालकों के लिए वर्दी और स्पष्ट बैच नंबर अनिवार्य करने का प्रस्ताव सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर में ई-रिक्शा की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई चालक यात्रियों के साथ सामान की ढुलाई भी कर रहे हैं। धीमी गति से वाहन चलाने, अचानक सड़क पर वाहन रोकने और यातायात के बीच अव्यवस्थित तरीके से ई-रिक्शा चलाने से अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में चालकों की पहचान आसान बनाने के लिए वर्दी और बैच नंबर लागू करने पर विचार किया जा रहा है। इससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा। इसके अलावा ई-रिक्शा में यात्रियों और सामान की ढुलाई, यातायात नियमों का पालन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी नए सिरे से विचार किया जा रहा है। पुलिस और आरटीओ के बीच चर्चा के बाद नियमों का अंतिम खाका तैयार होने की संभावना है।

निर्माण एजेंसियों पर भी कार्रवाई

शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। कई निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षा गार्ड और यातायात सुचारु रखने के इंतजाम नहीं होने से जाम की स्थिति बन रही है।

ट्रैफिक पुलिस के निरीक्षण में कुछ निर्माण स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों की कमी भी सामने आई। कुछ स्थानों पर छह फीट से अधिक ऊंची सुरक्षा दीवार सहित जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। नियमों का पालन नहीं करने वाली निर्माण एजेंसियों को नोटिस जारी कर तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर आपराधिक मामला दर्ज करने की तैयारी है।

ट्रैफिक विभाग के अनुसार, शहर में विकास कार्यों के लिए फिलहाल 34 बड़े निर्माण प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इन परियोजनाओं के दौरान यातायात और सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से निगरानी बढ़ाई जा रही है।

Popular Articles