– ऐतिहासिक कुओं के पुनर्जीवन और जल संरक्षण के कार्यों की सराहना
नागपुर :- वरिष्ठ पत्रकार, जल संरक्षण कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रवीण डबली को ऐतिहासिक कुओं एवं पारंपरिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन और संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए प्रतिष्ठित ‘महासागर महाराष्ट्र भूषण’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
नागपुर में आयोजित ‘महासागर जल समृद्ध विदर्भ 2035’ कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त जल विशेषज्ञ एवं मैगसेसे पुरस्कार विजेता डॉ. राजेंद्र सिंह, पद्मश्री पोपटराव पवार, आयुष्यमान भारत मिशन महाराष्ट्र समिति के अध्यक्ष डॉ ओमप्रकाश शेटे तथा श्रीकृष्ण चांडक की उपस्थिति में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. डबली को मिले इस पुरस्कार हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबन्धक दीपक कुमार गुप्ता, प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ उदय बोधनकर, जिला माहिती अधिकारी विनोद रापतवार, डॉ संजय उगेमुगे, विजय गुप्ते, डॉ टी एस भाल, डॉ. संदीप शिरखेड़कार, डॉ युगेश्वरी डबली, राजेंद्र मिश्रा, संपर्क व संवाद के सभी सदस्यों ने बधाई दी।

डॉ. डबली लंबे समय से नागपुर के पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण और ऐतिहासिक कुओं के पुनर्जीवन के लिए कार्य कर रहे हैं। नागपुर में 854 सार्वजनिक कुओं तथा 52 ऐतिहासिक कुओं का रिकॉर्ड उपलब्ध है, जो भविष्य की जल सुरक्षा के लिए इन पारंपरिक जलस्रोतों के महत्व को दर्शाता है।
ऐतिहासिक मोतीबाग कुएं के पुनर्जीवन के लिए डॉ. डबली द्वारा किए गए प्रयासों ने भी विशेष ध्यान आकर्षित किया है। वे ऐसे कुओं की वैज्ञानिक सफाई, गाद निकासी, जल गुणवत्ता की जांच तथा वर्षा जल पुनर्भरण की आवश्यकता पर लगातार जोर देते रहे हैं।
इस अवसर पर वैभव वानखेडे, वास्तु विशेषज्ञ पारधी, लोकशाही न्यूज के संपादक विशाल पाटिल, पंकज चांडक सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
सम्मान के लिए महासागर समूह का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. डबली ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पारंपरिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन और जल समृद्ध विदर्भ के निर्माण के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा है।





