– आरोपी से तीन दोपहिया वाहन किये बरामद
नागपुर :- नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपी को पांचपावली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पांचपावली पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग फुटबॉल ग्राउंड के पास अमरदीप डोंगरे नामक युवक संदिग्ध अवस्था में दोपहिया वाहन चलाते हुए मिला। वाहन के संबंध में पूछताछ करने पर उसने उक्त वाहन रानी दुर्गावती चौक क्षेत्र से चोरी करने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि पंचशील नगर निवासी प्रशांत लेंदे का दोपहिया वाहन 21 अगस्त की रात घर के पास से चोरी हुआ था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से लाखनी, जिला भंडारा का निवासी है और उसे शराब पीने की लत है। शराब के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से वह वाहन चोरी करता था। आरोपी की निशानदेही पर पांचपावली थाना क्षेत्र से चोरी किए गए दो अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 80 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।





