– 8 लाख की मांग, 2.50 लाख लेते पकड़ा गया
नागपुर :- रेस्टोरेंट एंड बार के FL-3 लाइसेंस के लिए 8 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले महाराष्ट्र राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के एक दुय्यम निरीक्षक को एसीबी नागपुर की टीम ने जाल बिछाकर गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी की पहचान आकाश दत्ता जाधव (36), दुय्यम निरीक्षक, महाराष्ट्र राज्य उत्पादन शुल्क विभाग, अचलपुर, जिला अमरावती के रूप में हुई है।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने रेस्टोरेंट एंड बार के FL-3 लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इस संबंध में आवश्यक दस्तावेज अचलपुर स्थित उत्पादन शुल्क विभाग के कार्यालय में जमा किए गए थे। आरोप है कि 10 अगस्त को आरोपी अधिकारी आकाश जाधव ने लाइसेंस संबंधी काम के लिए अपने नाम पर 3 लाख रुपये तथा वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर 5 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने 12 अगस्त को नागपुर एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दी। शिकायत की जांच के बाद 24 अगस्त को पंचों की मौजूदगी में रिश्वत की मांग की पुष्टि की गई। बातचीत के बाद आरोपी अधिकारी 2.50 लाख रुपये स्वीकार करने के लिए तैयार हुआ। इसके बाद एसीबी टीम ने अचलपुर स्थित राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के कार्यालय में जाल बिछाया। आरोपी ने अपने कक्ष में शिकायतकर्ता से पंचों की मौजूदगी में 2.50 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की। रकम स्वीकार करते ही एसीबी अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।
आरोपी के खिलाफ परतवाड़ा पुलिस थाने, अमरावती में मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक राहुल चव्हाण ने किया। पर्यवेक्षण पुलिस उप अधीक्षक भारती गुरुनुले ने किया।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राहुल चव्हाण, पुलिस निरीक्षक राजकिरण येवले, पुलिस कर्मचारी प्रफुल भातुलकर, विकेश राऊत, प्रमोद गिरडे और विजय सोळंकी शामिल रहे। कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक दिगंबर प्रधान, अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर और अपर पुलिस अधीक्षक विजय माहुलकर के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।





