spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

चेन स्नेचिंग के प्रयास में आरोपी गिरफ्तार

– सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा

नागपुर :- लकड़गंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास करने वाले कुख्यात आरोपी क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम के हाथ लगा। आरोपी की पहचान महल, नागपुर निवासी पवन पंजवानी (32) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी, जबरी चोरी और मारपीट सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह लकड़गंज निवासी सुशीला मोरेश्वर पौनिकर (69) हार-फूल लेने के लिए दुकान जा रही थीं। इसी दौरान निकालस मंदिर रोड स्थित अपेक्स मेडिकल स्टोर के सामने दुपहिया वाहन से पहुंचे आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। महिला ने आरोपी की हरकत को भांपते हुए तत्काल अपना हाथ झटक दिया। इससे आरोपी चेन छीनने में सफल नहीं हो सका। पकड़े जाने के डर से वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सुशीला पौनिकर ने लकड़गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने घटनास्थल और आसपास के परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। साथ ही पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पवन पंजवानी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ चोरी, जबरी चोरी और मारपीट समेत 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लकड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया गया है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.