– मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग,मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
नागपुर :- एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन के बीच नागपुर में भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की ओर से प्रदर्शन किया गया। शहर में हुए इस आंदोलन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई। दिल्ली और मुंबई के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में आंदोलन का आह्वान किया गया है।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं के हाथों में विभिन्न नारों वाले पोस्टर थे। एक कठघरे में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक चित्र रखकर उनके इस्तीफे की मांग की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। आंदोलन में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कुछ युवाओं ने कविताओं के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए भीड़ जुट गई।
पुलिस का कड़ा बंदोबस्त
आंदोलन को देखते हुए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी। दिल्ली में हुए आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए बल प्रयोग किए जाने के आरोप लगे थे। हालांकि, नागपुर में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों ने संयम बनाए रखा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।








