– इमामवाड़ा पुलिस ने हुड़केश्वर क्षेत्र से पकड़ा, पिस्टल जब्त
नागपुर :- शहर के इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में गाली-गलौज कर पिस्टल लहराने और जमीन पर एक राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मैगजीन सहित करीब 40 हजार रुपये कीमत की स्टील की पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11.59 बजे शिकायतकर्ता जाटतरोड़ी नंबर 3, इमामवाड़ा निवासी अमेय अमृतलाल धुर्वे (20) अपने दोस्तों के साथ जाटतरोड़ी नंबर 2 स्थित शीतलामाता मंदिर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मृणाल गजभिए और उसका साथी तक्कू चारपहिया वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने अमेय और उनके दोस्तों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उनके पास मौजूद पिस्टल को हवा में लहराया और जमीन पर एक राउंड फायर कर मौके पर दहशत फैलाई। घटना के बाद आरोपी वहां से चले गए। शिकायत के आधार पर इमामवाड़ा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 352 और 3(5), शस्त्र अधिनियम की धाराओं 3, 25 और 27(1) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान इमामवाड़ा पुलिस की टीम को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर 10 अक्टूबर की रात हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के आउटर रिंग रोड से वांछित आरोपी पटवर्धन अपार्टमेंट, भांडे महादेव मंदिर के पास, टेकड़ी रोड, नागपुर निवासी निखिल उर्फ टप्पू संतोष सावडिया (26) को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से मैगजीन सहित स्टील की पिस्टल बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव और सहायक पुलिस आयुक्त महेश चव्हाण के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत पाटिल, पुलिस उपनिरीक्षक अजय कवर, आदित्य मडावी तथा पुलिसकर्मियों संदीप बोरसरे, वीरेंद्र गुलरांधे, चंद्रशेखर कौर्ति, जितेंद्र चौधरी और रंजीत सक्करवार ने की।








