– रोजगार का विरोध नहीं, यात्रियों को मिले सुविधाएं : दमाहे
देवेंद्र दमाहे, गोंदिया :- गोंदिया जिले के ग्रामीण, तहसील एवं शहरी क्षेत्रों में बस स्टैंडों की सुविधाओं और रखरखाव का मुद्दा इन दिनों चर्चाओं में है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर देवेंद्र दमाहे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट ‘Lodhi Political Deva’ के माध्यम से विभिन्न बस स्टैंडों की समस्याओं को उजागर कर शासन एवं संबंधित प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
गोंदिया तहसील के रावणवाड़ी बस स्टैंड पर फल विक्रय की दुकान को लेकर उन्होंने सार्वजनिक स्थान के उचित उपयोग का सवाल उठाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी छोटे व्यवसायी की रोजी-रोटी का विरोध करना उनका उद्देश्य नहीं है। मेहनत करके परिवार का पालन-पोषण करने वाले व्यवसायियों का सम्मान होना चाहिए। हालांकि, बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए पर्याप्त जगह, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन जैसी सुविधाएं भी आवश्यक हैं। संबंधित प्रशासन को परिसर का निरीक्षण कर यात्रियों और छोटे व्यवसायियों, दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था करनी चाहिए। दमाहे का कहना है कि जनहित के मुद्दे उठाने का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि शासन और प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।








