– धम्मचक्र प्रवर्तन दिन के लिए लाखों अनुयायियों की सुविधाओं पर फोकस
नागपुर :- दीक्षाभूमि पर 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले धम्मचक्र प्रवर्तन दिन समारोह के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। देशभर से आने वाले लाखों अनुयायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दीक्षाभूमि परिसर में जर्मन हैंगर तकनीक से निवारा कक्ष बनाए जाएंगे। इनमें पंखे, कूलर, प्रकाश व्यवस्था तथा अंथरूण-पांघरूण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन कक्षों को डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के जीवनकार्य से जुड़े नाम दिए जाएंगे।
निवारा कक्षों के परिसर में संविधान साहित्य से संबंधित ‘भीमसृष्टि’ भी साकार की जाएगी। सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबले ने सभी सरकारी विभागों को आपसी समन्वय से सूक्ष्म नियोजन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। अनुयायियों के लिए शिकायत निवारण केंद्र, महिलाओं के लिए हिरकणी कक्ष और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र बनाया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत पर्याप्त दवा भंडार, मेडिकल कक्ष, मोबाइल अस्पताल और एम्बुलेंस उपलब्ध रहेंगी। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कक्षों की व्यवस्था की जाएगी।
स्वच्छता पर रहेगा फोकस
स्वच्छता के लिए नियमित सफाई, कीटाणुनाशक व मच्छररोधी दवा का छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट और पर्याप्त कूड़ेदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बंदोबस्त, महिला सुरक्षा दल, अग्निशमन दल और नियंत्रण कक्ष तैनात रहेगा। अनुयायियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन, दिशादर्शक नक्शे और उद्घोषणा प्रणाली भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद, पुलिस उपायुक्त संदीप पखाले, आदित्य मिरखेलकर, सिंगा रेड्डी, समाज कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त सुकेशिनी तेलगोटे, प्रादेशिक उपायुक्त प्रसाद कुलकर्णी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थें।








