– दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी के चार दुपहिया वाहन बरामद
नागपुर :- शहर में दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में यशोधरा नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के चार दुपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान हुसैन रशीद हुसैन (22) और शेख सुल्तान शेख यासीन(23), दोनों सिंधीवन, बड़ा ताजबाग निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इमरान करीब एक महीने पहले ही वाहन चोरी के एक मामले में जेल से बाहर आया था। आरोप है कि बाहर आने के बाद उसने फिर से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर को हुई, जब कलमना निवासी फैजान खान की मोपेड ऑटोमोटिव चौक के पास एक पानठेले के समीप से चोरी हो गई। शिकायत मिलने के बाद यशोधरा नगर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दरमियान पेट्रोलिंग कर रही पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी ताजबाग परिसर में चोरी का वाहन ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सक्करदरा, यशोधरा नगर और नंदनवन थाना क्षेत्रों में चार दुपहिया वाहन चोरी करने की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने चारों वाहन जब्त कर लिए।
नंबर बदलकर वाहन ठिकाने लगाना का संदेह
पुलिस को आशंका है कि आरोपी गिरोह बनाकर वाहन चोरी करते थे और चोरी के वाहनों के नंबर बदलकर उन्हें ठिकाने लगाते थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने शहर के अन्य इलाकों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।








