spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 राउंड फायरिंग, ड्राइवर घायल

– दो संदिग्धों की तस्वीर सामने आई, अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली वारदात में इस्तेमाल बाइक

मुंबई :- मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार शाम करीब 7 बजे पुष्पा नरसी पार्क के पास हुई इस घटना में बाइक सवार तीन हमलावरों ने कार पर पांच राउंड फायरिंग की। इस दौरान अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस को दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि उमेश चव्हाण नामक एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। उमेश की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि ड्राइवर की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें उनकी बांह और सीने पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही हैं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार देर रात अभिनेता से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि टाइगर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।

दो संदिग्धों की तस्वीर सामने आई

फायरिंग मामले में दो संदिग्धों की तस्वीर भी सामने आई है। तस्वीर में दो युवक सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। इनमें से एक ने प्यूमा के लोगो वाली काली कैप पहन रखी है। हालांकि, तस्वीर कब और कहां की है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद की गई है। पुलिस ने बाइक जब्त कर उसके रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की आवाजाही का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।

फायरिंग से पहले रेकी किए जाने का संदेह

पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने वारदात से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। बताया जाता है कि अभिनेता हर रविवार करीब दो घंटे फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा नरसी पार्क जाते हैं। पुलिस को संदेह है कि हमलावरों को उनके इस नियमित कार्यक्रम की जानकारी थी और वे पार्क के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे। रविवार को फुटबॉल खेलने के बाद लौटते समय टाइगर की कार पार्क के पास रुकी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे और कार पर पांच राउंड फायरिंग कर दी।

सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दावा किया जा रहा है कि लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। कथित धमकी में सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाने की बात भी कही गई है। पुलिस इस दावे और हमले के पीछे की संभावित साजिश की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के आवास के बाहर भी फायरिंग की घटना हुई थी।

Popular Articles