spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुरानी हत्या के मामले में गवाह को पीटा

– गले पर चाकू से वार करने की कोशिश

नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के कैकाडी नगर झोपड़पट्टी में पुरानी हत्या के मामले की गवाही को लेकर एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच लोगों ने युवक को गाली-गलौज करते हुए लकड़ी के डंडों से पीटा और धारदार हथियार से गले पर वार करने की कोशिश की। हमले में युवक के दाहिने हाथ की उंगलियों पर चोट आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता लाल सिंह भुखऊ पटेल (27), कैकाडी नगर, बेलतरोड़ी निवासी है। वर्ष 2024 में इसी बस्ती के दिलीप साहू की हत्या हुई थी। इस मामले में लाल सिंह गवाह है, जबकि आरोपी ओमप्रकाश किशोर पापड़े, पियूष सुंदर लिल्हारे और आकाश सुदाम लिल्हारे भी आरोपी थे। बताया जाता है कि ये तीनों करीब छह महीने पहले जमानत पर जेल से बाहर आए थे। आरोप है कि वे शिकायतकर्ता को देखकर गाली-गलौज करते थे। 19 अक्टूबर की रात करीब 10.30 बजे लाल सिंह अपने घर के सामने घूम रहा था। इसी दौरान आरोपी उसके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। लाल सिंह ने इसका विरोध करते हुए गाली देने का कारण पूछा, तो पांचों आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उस पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि ओमप्रकाश पापड़े ने धारदार हथियार निकालकर लाल सिंह के गले पर वार करने की कोशिश की। बचाव के दौरान उसके दाहिने हाथ की उंगलियों पर चोट लगी। शोर सुनकर शिकायतकर्ता के माता-पिता, भाई और बस्ती के अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पहले तीन आरोपियों ने तलवार निकालकर लोगों को धमकाया और कहा कि यह उनका आपसी मामला है, कोई बीच में न आए।

घटना के बाद लाल सिंह अपने दोस्त के साथ बेलतरोड़ी पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा। उपचार के बाद उसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। इस मामले में ओमप्रकाश किशोर पापड़े (29), पियूष सुंदर लिल्हारे (22), आकाश सुदाम लिल्हारे (24), गजानन दामलाल सूर्यवंशी (27) और संजय रामविलास वर्मा (23), सभी निवासी कैकाडी नगर झोपड़पट्टी, नागपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Popular Articles