spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

वांजरा में 15 टन संदिग्ध नूडल्स और मैदा जब्त

– रूपम फूड्स पर FDA की छापेमारी,7.26 लाख रुपये का माल सीज

नागपुर :- त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में एफडीए की विशेष टीम ने शहर के वांजरा ले-आउट स्थित ‘मे. रूपम फूड्स’ की निर्माण इकाई पर छापेमारी कर 15 टन से अधिक संदिग्ध नूडल्स और मैदा जब्त किया। जब्त माल की कुल कीमत 7 लाख 26 हजार 147 रुपये बताई गई है।

कारखाने में निरीक्षण के दौरान टीम को बड़े पैमाने पर पैकेजिंग और प्रोसेसिंग का काम चलता मिला। जांच में ‘वेज हक्का नूडल्स’ के पैकेट पर गलत एवं भ्रामक लेबलिंग, बड़ी मात्रा में खुले नूडल्स और मैदे का स्टॉक पाया गया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेजिंग में भी अनियमितताएं दर्ज कीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 15,082 किलोग्राम नूडल्स और मैदा जब्त किया गया। एफडीए की टीम ने पूरे स्टॉक को सीज कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गलत लेबलिंग और गुणवत्ता पर संदेह

प्राथमिक जांच में नूडल्स के पैकेट पर गलत एवं भ्रामक जानकारी अंकित होने की बात सामने आई है। अधिकारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसके सुरक्षित होने को लेकर भी संदेह है। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है।

एफडीए आयुक्त के विशेष निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व सह-आयुक्त (खाद्य) कृष्णा जयपुरकर और सहायक आयुक्त अजय सदार के मार्गदर्शन में किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. ए.एन. खांडारे और उनकी विशेष टीम ने छापेमारी को अंजाम दिया। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य इकाई के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Popular Articles