– दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
सीतापुर :- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सर्राफा व्यापारी से करीब 20 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान और दीपक के रूप में हुई है। दोनों लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस को उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक मिली है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात सिधौली कोतवाली क्षेत्र निवासी सर्राफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी के साथ हुई थी। संदना थाना क्षेत्र के इस्माइलगंज में उनकी सोने-चांदी की दुकान है। धनतेरस की रात दुकान बंद कर घर लौटते समय मंझारी चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने हमला कर उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली तथा फरार हो गए थे। लूटे गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
मामले में पुलिस पहले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि इरफान और दीपक फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गणेशपुर स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास मौजूद हैं। इसके बाद संदना थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जेवर, नकदी और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण, 31 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






