– सपोर्ट में हिंदू संगठन- ‘कोई जरूरत नहीं माफी मांगने की’
नई दिल्ली :- बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर की कुछ तस्वीरों के चलते बवाल खड़ा हो गया है, जिसमें वे पन्ना जड़ा पेंडेंट पहने नजर आ रही हैं. पेंडेंट पर कुरान की एक आयत लिखी है, जिसके चलते मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है. कानूनी नोटिस में तस्वीरों और उनसे जुड़ी पोस्ट को हटाने, माफी मांगने और भविष्य में इस तरह से धार्मिक आयत को न दिखाने का भरोसा देने की मांग की गई है. विवाद बढ़ने के बाद हीरोइन को अब एक हिंदू संगठन ने सपोर्ट किया है.
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्र शेखर तिवारी ने करीना का सपोर्ट किया है और कहा कि उन्हें किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, ‘पेंडेंट को गले में, दिल के करीब पहना जाता है. अगर इस पर कुरान की आयतें लिखी भी हैं, तो भी उन्होंने इसे ऐसी किसी जगह नहीं पहना होगा जिसे अपमानजनक माना जाए. उन्हें किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है.’ उन्होंने यह भी तर्क दिया कि भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बहू होने के नाते, करीना स्वाभाविक रूप से अपनी सास के आभूषण पहन सकती हैं. हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी इस एक्ट्रेस का समर्थन किया है. कानूनी नोटिस पर करीना कपूर या उनके प्रतिनिधियों की ओर से फिलहाल कोई पब्लिक रिएक्शन नहीं आया है.
पेंडेंट पर लिखी है पवित्र कुरान की एक आयत
अब्बास हफीज ने सोशल मीडिया से इन तस्वीरों को हटाने और इसके लिए माफी मांगने की मांग की है. उनका कहना है कि उन्हें इस बात से आपत्ति नहीं है कि एक्ट्रेस ने गहने पहने हैं, बल्कि उन्हें इस बात से आपत्ति है कि जिस तरह से धार्मिक आयत को सोशल मीडिया पर दिखाया गया है, उससे मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. हफीज के वकील मोहम्मद जफर ने बताया कि पेंडेंट पर पवित्र कुरान की एक आयत है, जिसे इस्लाम में बहुत पवित्र माना जाता है. धार्मिक नियमों के अनुसार, ऐसी पवित्र चीजों को छूने या पढ़ने से पहले वजू (शुद्ध) करना जरूरी होता है.
पटौदी परिवार से है पेंडेंट का संबंध
हफीज ने कहा कि यह पेंडेंट भोपाल की बेगमों की विरासत से जुड़ा है और इसे फैशन एक्सेसरी के तौर पर नहीं, बल्कि आस्था के प्रतीक के रूप में पहना गया था. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कहा कि यह उनका अपना निजी कदम है और इसे कांग्रेस पार्टी, उसकी विचारधारा या राजनीतिक रुख से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. यह विवाद एक पन्ने के पेंडेंट को लेकर है, जिसे सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने भोपाल के पूर्व शाही परिवार की करीब 200 साल पुरानी विरासत बताया है. रिया कपूर ने करीना की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वह दिवाली लुक के तौर पर यह आभूषण पहने हुए नजर आ रही थीं. इसका ऐतिहासिक संबंध पटौदी परिवार से है, क्योंकि अभिनेता सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान, भोपाल के अंतिम नवाब हमीदुल्ला खान की बेटी थीं. उन्होंने इफ्तिखार अली खान पटौदी से शादी की थी और उनके बेटे पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मंसूर अली खान पटौदी थे, जो सैफ के पिता हैं.






