– वित्त राज्यमंत्री का कबूलनामा, चेकपोस्ट पर हंगामे के बाद कार्रवाई के संकेत
नागपुर :- रामटेक तहसील के मनसर-कांद्री चेकपोस्ट पर कथित अवैध वसूली के विरोध में ट्रक चालकों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किए जाने के एक दिन बाद राज्य के वित्त एवं नियोजन राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने आरटीओ अधिकारियों द्वारा वाहनों से पैसे वसूले जाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि आरटीओ द्वारा पैसे वसूली किए जाने की बात 100 प्रतिशत सच है। हालांकि, इस तरह की शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
सोमवार शाम श्रीनगर-कन्याकुमारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मनसर-कांद्री चेकपोस्ट पर उस समय तनाव की स्थिति निर्माण हो गई, जब ट्रक चालकों ने ग्रामीण आरटीओ अधिकारियों पर जबरन पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित चालकों ने अपने ट्रक सड़क पर खड़े कर दिए, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, स्थिति लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री आशीष जायसवाल ने कहा, ‘आरटीओ पैसे वसूलता है और यह बात 100 प्रतिशत सच है। देश और राज्य में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन ऐसे मामलों में उचित कार्रवाई भी की जाती है।’ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और अन्य संबंधित लोगों ने इस मामले का संज्ञान लिया है। शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
आरटीओ अधिकारी ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, आरटीओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार की घटना में विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता से इनकार किया है। अधिकारी के मुताबिक, संबंधित ट्रक निर्धारित लेन से गुजरने के बजाय सेंट्रल लेन से निकला था। निर्धारित लेन में ट्रकों की ओवरलोडिंग की जांच सरकार द्वारा नियुक्त निजी कंपनी के कर्मचारी करते हैं।
अधिकारी ने बताया कि यदि किसी ट्रक में ओवरलोडिंग पाई जाती है, तो निजी कंपनी के कर्मचारी इसकी जानकारी ट्रांसपोर्ट प्लाजा में मौजूद आरटीओ अधिकारियों को देते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति आरोप लगा सकता है, लेकिन आरोपों के समर्थन में सबूत भी होना चाहिए।






