spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बस स्टैंड की रॉयल्टी में 50% बढ़ोतरी, मनपा की आय बढ़ेगी

– परिवहन समिति की बैठक में 5 साल की अवधि बढ़ाने पर मंजूरी

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के परिवहन विभाग के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए आधुनिक बस स्टैंड की रॉयल्टी दरों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है। इससे मनपा के राजस्व में वृद्धि होगी। बस स्टैंड की देखरेख, मरम्मत, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली संबंधित संस्था को पांच साल की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को परिवहन समिति ने मंजूरी दे दी है।

नागपुर महानगरपालिका की परिवहन समिति की बैठक मंगलवार को समिति सभापति मंगला खेकरे की अध्यक्षता में डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में उपसभापति सुधीर राऊत, सदस्य रुपाली ठाकुर, विजय होले, दिनेश यादव, प्रमिला मथरानी, पूजा पाठक, अर्चना पडोले, मंगला मस्के सहित अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, परिवहन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी योगेश लुंगे और राजीव घाटोले उपस्थित थें। बैठक में मेसर्स साइनपोस्ट इंडिया लिमिटेड को दिए गए अनुबंध की अवधि पांच साल बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। इस संस्था ने बीओटी (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) आधार पर शहर के विभिन्न स्थानों पर आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया है। अनुबंध के तहत संस्था को इन बस स्टैंड पर विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार दिया गया है। इसके बदले संस्था से मनपा को रॉयल्टी प्राप्त होती है।

प्रशासन ने रॉयल्टी दरों में 30 प्रतिशत वृद्धि की सिफारिश की थी। हालांकि, समिति के सदस्यों ने इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का सुझाव दिया। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इससे मनपा की आय में इजाफा होने की उम्मीद है।

परिवहन व्यवस्था का अध्ययन दौरा

बैठक में देश के प्रमुख शहरों की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए परिवहन समिति के सदस्यों के दौरे को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत चेन्नई, बेंगलुरु, दिल्ली और सूरत में से किन्हीं दो शहरों का चयन कर दो समूहों में अध्ययन दौरा किया जाएगा।

इस दौरान बस बेड़े का प्रभावी प्रबंधन, डिपो व्यवस्था, डिजिटल टिकट प्रणाली, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), राजस्व वृद्धि और मेट्रो फीडर सेवाओं के एकीकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागपुर की परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और बेहतर बनाना है।

Popular Articles