spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

फ्लाईओवर निर्माण ने बिगाड़ी जलापूर्ति व्यवस्था

– 30 कुएं सीवेज से दूषित, मानेवाड़ा में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने से चार बस्तियों में फैला गंदा पानी

 नागपुर :- शहर में एक ओर बारिश की कमी के चलते जल संकट की आशंका बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर मानेवाड़ा में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान सीवर की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से चार बस्तियों के करीब 30 कुओं का पानी दूषित हो गया है। सीवर का गंदा पानी रिहायशी इलाकों में जमा होने के साथ ही घरों और कुओं तक पहुंच गया है। इससे नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विश्व बैंक विभाग की ओर से मानेवाड़ा में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान सीवर की मुख्य पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद उसमें से निकलने वाला गंदा पानी आसपास की बस्तियों में फैलने लगा। जम्बूद्वीप नगर, महालक्ष्मी नगर-3, बाकड़े सभागृह के आसपास का परिसर और श्रीनगर क्षेत्र इससे प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों के घरों और कुओं में सीवेज का पानी पहुंचने की शिकायत सामने आई है। यह स्थिति ऐसे समय में निर्माण हुई है, जब बारिश की कमी के कारण शहर में पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ रही है। नागपुर महानगरपालिका पहले ही नागरिकों से उपचारित पेयजल का संयमित उपयोग करने और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में सार्वजनिक कुओं तथा बोरवेल का इस्तेमाल करने की अपील कर रही है। ऐसे में कुओं का पानी दूषित होने से स्थानीय नागरिकों के सामने अतिरिक्त संकट खड़ा हो गया है।

चार पंपों से निकाला जा रहा गंदा पानी

मनपा प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में चार पंप लगाए हैं। इनके माध्यम से जमा सीवेज को बाहर निकाला जा रहा है। साथ ही क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को नजदीकी चेंबर से जोड़ने का अस्थायी काम शुरू किया गया है, ताकि गंदा पानी बस्तियों में जमा होने के बजाय सीवर नेटवर्क के जरिए आगे निकल सके।

मनपा के नेहरू नगर जोन के कार्यकारी अभियंता नरेश सिंगनजुड़े ने पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चार पंपों की मदद से सीवेज हटाया जा रहा है। प्रभावित लाइन को नजदीकी चेंबर से जोड़ने की अस्थायी व्यवस्था अगले चार दिनों में पूरी करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि स्थायी समाधान के लिए संबंधित चेंबर को अमृत योजना के तहत सीवरेज नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इस कार्य को पूरा करने में करीब एक महीने का समय लग सकता है।

Popular Articles