नई दिल्ली :- बॉलीवुड अभिनेता नवाब शाह के लिए संजय दत्त सिर्फ एक साथी कलाकार नहीं, बल्कि उनके बचपन के हीरो भी हैं. नवाब शाह ने हाल ही में संजय दत्त के लिए अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया है. उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही संजय दत्त के बड़े प्रशंसक रहे हैं और आगे भी हमेशा उनके फैन बने रहेंगे.
नवाब शाह और संजय दत्त ने साल 2019 में रिलीज हुई ऐतिहासिक फिल्म ‘पानीपत’ में साथ काम किया था. आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त ने अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली का किरदार निभाया था. वहीं, नवाब शाह फिल्म में मराठा सेना के बहादुर तोपखाना प्रमुख इब्राहिम खान गार्दी के रूप में दिखाई दिए थे.
नवाब शाह की वायरल हो रही पोस्ट
दरअसल, नवाब शाह ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘पानीपत’ की शूटिंग के दौरान की एक तस्वीर शेयर की. इस फोटो में वह संजय दत्त के साथ अपने फिल्मी किरदारों में नजर आ रहे हैं. तस्वीर के साथ उन्होंने संजय दत्त को प्यार से ‘बाबा’ कहते हुए एक खास पोस्ट भी लिखा.नवाब शाह ने बताया कि कुछ यादें ऐसी होती हैं, जो इंसान को सीधे उसके बचपन के दिनों में पहुंचा देती हैं. संजय दत्त से मिलने का उनका अनुभव भी कुछ ऐसा ही था. उन्होंने लिखा कि वह बचपन से संजय दत्त को पसंद करते आए हैं. ऐसे में फिल्म ‘पानीपत’ के सेट पर उनके साथ काम करना और उनसे मिलने का मौका मिलना उनके लिए किसी खास सपने के सच होने जैसा था. नवाब ने यह भी साफ कर दिया कि संजय दत्त के लिए उनकी दीवानगी कभी कम नहीं होगी और वह हमेशा उनके फैन रहेंगे. नवाब शाह और संजय दत्त ने साल 2019 में रिलीज हुई ऐतिहासिक फिल्म ‘पानीपत’ में साथ काम किया था.इस फिल्म की कहानी 1761 में हुए पानीपत के तीसरे युद्ध पर आधारित थी. इस जंग में मराठा सेना का सामना अहमद शाह अब्दाली की विशाल सेना से हुआ था. फिल्म में अर्जुन कपूर ने मराठा सेनापति सदाशिवराव भाऊ और कृति सेनन ने उनकी पत्नी पार्वती बाई की भूमिका निभाई थी. इसके अलावा फिल्म में मोहनीश बहल, पद्मिनी कोल्हापुरे, जीनत अमान और कुणाल कपूर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. कहानी में युद्ध की तैयारियों, सैनिकों की रणनीति और मराठा साम्राज्य को बचाने की कोशिशों के साथ सदाशिवराव भाऊ और पार्वती बाई के रिश्ते को भी दिखाया गया था.






