spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

शहर में देश का पहला AI आधारित स्मार्ट शौचालय

– रेशीमबाग मैदान में मिलेगी मुफ्त सुविधा, ऑटोमेटिक फ्लशिंग और डिजिटल शिकायत प्रणाली भी

नागपुर :- सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नागपुर महानगरपालिका ने एक नई पहल की है। महापौर नीता ठाकरे के नेतृत्व में रेशीमबाग मैदान में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्वचालित स्मार्ट शौचालय शुरू किया गया है। इसे अपनी तरह की देश की पहली सुविधा बताया जा रहा है। विधायक मोहन मते के हाथों इस आधुनिक शौचालय का उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि नागरिकों को इसका उपयोग पूरी तरह मुफ्त में करने की सुविधा मिलेगी।

उद्घाटन के बाद शुरुआती दो दिनों में करीब 200 नागरिकों ने इस सुविधा का उपयोग किया। महिला, पुरुष, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी इस पहल से सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालय उपलब्ध कराना है।

आधुनिक तकनीक से होगी सफाई व्यवस्था की निगरानी

स्मार्ट ईरा सोल्युशन्स प्रा.लि.द्वारा विकसित इस स्मार्ट शौचालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें स्वचालित फ्लशिंग, आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, स्मार्ट वेंटिलेशन, दुर्गंध नियंत्रण और एआई आधारित विश्लेषण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा स्व-होस्टेड एआई सर्वर के माध्यम से पूरी व्यवस्था की निगरानी की जा सकेगी।

इस सुविधा की एक खास विशेषता डिजिटल शिकायत और नागरिक प्रतिक्रिया प्रणाली है। शौचालय परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके नागरिक सफाई, रखरखाव और अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साथ ही अपने सुझाव और प्रतिक्रिया भी दे सकेंगे। एकीकृत निगरानी प्रणाली के जरिए उपयोग, स्वच्छता, रखरखाव और संचालन की स्थिति का आकलन किया जा सकेगा, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान करने में मदद मिलेगी।

अन्य स्थानों पर भी विस्तार की तैयारी:

नागपुर महानगरपालिका के कार्यकारी अभियंता एवं सक्षम प्राधिकारी (झोपड़पट्टी) कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में इस एआई आधारित स्मार्ट शौचालय की स्थापना, क्यूआर कोड शिकायत प्रणाली और निगरानी व्यवस्था का उल्लेख किया गया है। रेशीमबाग मैदान में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना के तहत इसे प्रायोजित स्वरूप में स्थापित किया गया है। यहां नागरिकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी ऐसी सुविधाएं शुरू करने की संभावना पर विचार किया जाएगा।

इस परियोजना का उद्देश्य भूजल संरक्षण, पर्यावरणीय स्थिरता और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा देना है। कंपनी के अनुसार, इस स्मार्ट शौचालय तकनीक को पेटेंट और ट्रेडमार्क से संबंधित बौद्धिक संपदा अधिकारों का संरक्षण प्राप्त है। इसके विकास और क्रियान्वयन में कंपनी के निदेशक डॉ. दिग्विजय पुरुषोत्तम येनुरकर, मंगला येनुरकर और कार्यकारी निदेशक निलेश सातफले की भूमिका है।

Popular Articles